• होम पेज
  • टीम अफ़लातून
No Result
View All Result
डोनेट
ओए अफ़लातून
  • सुर्ख़ियों में
    • ख़बरें
    • चेहरे
    • नज़रिया
  • हेल्थ
    • डायट
    • फ़िटनेस
    • मेंटल हेल्थ
  • रिलेशनशिप
    • पैरेंटिंग
    • प्यार-परिवार
    • एक्सपर्ट सलाह
  • बुक क्लब
    • क्लासिक कहानियां
    • नई कहानियां
    • कविताएं
    • समीक्षा
  • लाइफ़स्टाइल
    • करियर-मनी
    • ट्रैवल
    • होम डेकोर-अप्लाएंसेस
    • धर्म
  • ज़ायका
    • रेसिपी
    • फ़ूड प्लस
    • न्यूज़-रिव्यूज़
  • ओए हीरो
    • मुलाक़ात
    • शख़्सियत
    • मेरी डायरी
  • ब्यूटी
    • हेयर-स्किन
    • मेकअप मंत्र
    • ब्यूटी न्यूज़
  • फ़ैशन
    • न्यू ट्रेंड्स
    • स्टाइल टिप्स
    • फ़ैशन न्यूज़
  • ओए एंटरटेन्मेंट
    • न्यूज़
    • रिव्यूज़
    • इंटरव्यूज़
    • फ़ीचर
  • वीडियो-पॉडकास्ट
  • लेखक
ओए अफ़लातून
Home बुक क्लब क्लासिक कहानियां

माता विमाता: एक बच्चे की दो मांओं की कहानी (लेखक: भीष्म साहनी)

टीम अफ़लातून by टीम अफ़लातून
March 1, 2022
in क्लासिक कहानियां, ज़रूर पढ़ें, बुक क्लब
A A
माता विमाता: एक बच्चे की दो मांओं की कहानी (लेखक: भीष्म साहनी)
Share on FacebookShare on Twitter

दुनिया में ममता से बड़ी दूसरी कोई ताक़त नहीं है. एक बच्चा और दो मांएं. भीष्म साहनी की यह इमोशनल कहानी आपको अंदर तक भिगो देगी.

पंद्रह डाउन गाड़ी के छूटने में दो-एक मिनट की देर थी. हरी बत्ती दी जा चुकी थी और सिगनल डाउन हो चुका था. मुसाफि़र अपने-अपने डिब्‍बों में जाकर बैठ चुके थे, जब सहसा दो फटेहाल औरतों में हाथापाई होने लगी. एक औरत, दूसरी की गोद में से बच्‍चा छीनने की कोशिश करने लगी और बच्‍चेवाली औरत एक हाथ से बच्‍चे को छाती से चिपकाए, दूसरे से उस औरत के साथ जूझती हुई, गाड़ी में चढ़ जाने की कोशिश करने लगी.
‘छोड़, तुझे मौत खाए, छोड़, गाड़ी छूट रही है…’
‘नहीं दूंगी, मर जाऊंगी तो भी नहीं दूंगी…’ दूसरी ने बच्‍चे के लिए फिर से झपटते हुए कहा.
कुछ देर पहले दोनों औरतें आपस में खड़ी बातें कर रही थीं, अभी दोनों छीना-झपटी करने लगी थीं. आस-पास के लोग देखकर हैरान हुए. तमाशबीन इकट्ठे होने लगे. प्लैटफ़ॉर्म का बावर्दी हवलदार, जो नल पर पानी पीने के लिए जा रहा था, झगड़ा देखकर, छड़ी हिलाता हुआ आगे बढ़ आया.
‘क्‍या बात है? क्‍या हल्‍ला मचा रही हो?’ उसने दबदबे के साथ कहा.
हवलदार को देखकर दोनों औरतें ठिठक गईं. दोनों हांफ रही थीं और जानवरों की तरह एक-दूसरी को घूरे जा रही थीं.
दो-एक मुसाफि़रों को गाड़ी पर चढ़ते देखकर बच्‍चेवाली औरत फिर गाड़ी की ओर लपकी, लेकिन दूसरी ने झपटकर उसे पकड़ लिया और उसे खींचती हुई फिर प्लैटफ़ॉर्म के बीचोंबीच ले आई. लटकते-से अंगोंवाला, काला, दुबला-सा बच्‍चा, औरत के कंधे से लगकर सो रहा था. औरतों की हाथापाई में उसकी पतली लंबूतरी-सी गर्दन, कभी झटका खाकर एक ओर को लुढ़क जाती, कभी दूसरी ओर को. लेकिन फिर भी उसकी नींद नहीं टूट रही थी.
‘मत हल्‍ला करो, क्‍या बात है?’ हवलदार ने छड़ी हिलाते हुए चिल्‍लाकर कहा और अपनी पतली बेंत की छड़ी दोनों औरतों के बीच खोंसकर उन्‍हें छुड़ाने की कोशिश करने लगा.
जो औरत बच्‍चा छीनने की कोशिश कर रही थी, उसने अपनी बड़ी-बड़ी कातर आंखों से हवलदार की ओर देखा और तड़पकर बोली, ‘मेरा बच्‍चा लिए जा रही है, नहीं दूंगी मैं बच्‍चा…’ और फिर एक बार वह बच्‍चा छीनने के लिए लपकी.
‘गाड़ी छूट रही है नासपिट्टी, छोड़ मुझे!’ बच्‍चेवाली औरत ने चिल्‍लाकर कहा और फिर गाड़ी के डिब्‍बे की ओर जाने लगी. हवलदार ने आगे बढ़कर उसका रास्‍ता रोक लिया.
‘इसका बच्‍चा क्‍यों लिए जा रही है?’ हवलदार ने कड़ककर कहा.
‘इसका कहां है! बच्‍चा मेरा है.’
‘वह कहती है मेरा है, बोलो किसका बच्‍चा है?’
‘मेरा है,’ दूसरी छोटी उम्र की औरत बोली और कहते ही रो पड़ी. रूखे, अस्‍त-व्‍यस्‍त बोलों के बीच उसका चेहरा तमतमा रहा था, लेकिन आंखों में अब भी डर समाया हुआ था. बदहवास और व्‍याकुल वह फिर बच्‍चे की ओर बढ़ी.
हवलदार जल्‍दी-से-जल्‍दी झगड़ा निबटाना चाहता था. बच्‍चेवाली औरत से बोला, ‘बच्‍चा इसके हवाले कर दो.’
‘क्‍यों दे दूं, बच्चा मेरा है….’
‘तेरे पेट से पैदा हुआ था?’
बच्‍चेवाली औरत चुप हो गई और घूर-घूरकर दूसरी औरत को देखने लगी.
‘बोल, तेरे पेट से पैदा हुआ था?’ हवलदार ने फिर ग़ुस्‍से से पूछा.
‘पेट से पैदा नहीं हुआ तो क्‍या, दूध तो मैंने पिलाया है. पिछले सात महीने से पिला रही हूं.’
‘दूध पिलाया है तो इससे बच्‍चा तेरा हो गया? बच्‍चे को ज़बरदस्‍ती लिए जा रही है?’
‘ज़बरदस्‍ती क्‍यों ले जाऊंगी, मेरे अपने बच्‍चे सलामत रहें. इसी से पूछ लो, डायन सामने खड़ी है.’ फिर दूसरी औरत को मुखातिब करके बोली, ‘कलमुंही बोलती क्‍यों नहीं? मैं तेरे से छीन के ले जा रही हूं? हवलदारजी, इसने ख़ुद बच्‍चे को मेरी गोद में डाला है. यह तो इसे जनकर घूरे पर फेंकने जा रही थी, मैंने कहा कि ला मुझे दे दे, मैं इसे पाल लूंगी. तब से मैं इसे पाल रही हूं. यह मुझे यहां छोड़ने आई थी. यहां आकर मुकर गई.’
हवलदार दूसरी औरत की ओर मुड़ा, ‘तूने इसे ख़ुद दिया था बच्‍चा?’
युवा औरत की बड़ी-बड़ी उद्भ्रांत आंखें कुछ देर तक दूसरी औरत की ओर देखती रहीं, फिर झुक गईं.
‘दिया था, पर बच्‍चा मेरा है, मैं क्‍यों दूं, मैं नहीं दूंगी.’
और निस्‍सहाय-सी फिर दूसरी औरत की ओर देखने लगी. पहले जो आंसू आंखों में फूट पड़े थे, घबराहट के कारण फौरन ही सूख गए.
‘तूने दिया था तो अब क्‍यों वापस लेना चाहती है?’
कातर नेत्र फिर एक बार ऊपर को उठे और उसका सारा बदन कांप गया.
‘यह इसे परदेस लिए जा रही है….’ और कहते-कहते वह फिर रो पड़ी.
‘मैं सदा तेरे पास पड़ी रहूं?’ बच्‍चेवाली औरत बांहें पसार-पसारकर आसपास के लोगों को सुनाती हुई बोलने लगी, ‘मेरे डेरेवाले सभी लोग चले गए हैं. यह मुझे छोड़ती नहीं थी. कहती थी दस दिन और रुक जा, फिर चली जाना. पांच दिन और रुक जा, चली जाना. करते-करते महीना हो गया. मैं यहां कैसे पड़ी रहूं? आज गाड़ी चलने लगी तो कलमुंही मुकर गई है.’
‘यह तेरे रिश्‍ते की है?’ हवलदार ने पूछा.
‘रिश्‍ते की क्‍यों होगी जी, यह काठियावाड़ की है, हम बनजारे हैं.’
‘तू गाड़ी में कहां जा रही है?’
‘फीरोजपुर, जी!’
‘वहां क्‍या है?’
‘हम बनजारे हैं, हवलदारजी, पहले हमारे लोगों ने यहां जमीन ली थी, पूरे दो साल हलवाही की है. अब हमें फीरोजपुर में जमीन मिली है. हमारे सभी लोग चले गए हैं, पर यह मुझे छोड़ती नहीं थी.’
हवलदार दुविधा में पड़ गया. एक ने जनकर फेंक दिया, दूसरी ने दूध पिलाकर बड़ा किया. बच्‍चा किसका हुआ?
‘तेरा घर-घाट कोई नहीं है, जो अपना बच्‍चा इसे दे दिया? तू रहती कहां है?’ हवलदार ने बच्‍चे की मां से पूछा.
‘यह कहां रहेगी जी, पुल के पास फूस के झोंपड़े हैं, यह वहीं पर रहती है. हम भी वहीं पर रहते थे. यह मेरी पड़ोसिन है जी, मजूरी करती है. इसकी तो नाल भी मैंने काटी थी.’ बच्‍चे की मां उद्भ्रांत-सी अपने बच्‍चे की ओर देखे जा रही थी. लगता जैसे वह कुछ भी सुन नहीं रही है.
‘इसका घरवाला कहां है?…’
‘इसका घरवाला कोई नहीं जी. यह तो मरदों के पीछे भागती फिरती है, कोई इसे बसाता नहीं. इसका घरबार होता तो यह बच्‍चे को जनकर फेंकने क्‍यों जाती?’
इतने में गार्ड ने सीटी दी.
भीड़ में से छंटकर लोग अपने-अपने डिब्‍बों की ओर जाने लगे. बनजारन भी डिब्‍बे की ओर घूमी. बच्‍चे की मां ने आगे बढ़कर उसके पांव पकड़ लिए.
‘मत जा, मत ले जा मेरे बच्‍चे को, मत ले जा!’
कुछेक लोगों को तरस आया. हवलदार ने दृढ़ता से आगे बढ़कर बनजारन से कहा, ‘बच्‍चा वापस दे दे. अगर मां बच्‍चा नहीं देना चाहती तो तू उसे नहीं ले जा सकती.’
हवलदार की आवाज़ में दृढ़ता थी. बनजारन को इस निर्णय की आशा नहीं थी. वह छटपटा गई, ‘मैं क्‍यों दे दूं जी, अपने बच्‍चे को भी कोई देता है? किसको दे दूं. इसका घर है, न घाट…’
‘गाड़ी छूटनेवाली है, जल्‍दी करो, बच्‍चा मां के हवाले करो वरना हवालात में दे दूंगा.’ हवलदार ने अबकी बार कड़ककर कहा.
औरत घबरा गई और किंकर्तव्‍यविमूढ़-सी आसपास खड़े लोगों की ओर देखने लगी. फिर अपनी साथिन की ओर देखते हुए चिल्‍लाकर बोली, ‘हरामजादी! कुतिया! यहां आकर मुकर गई. ले बेगैरत, ले संभाल, फिर कहना दूध पिलाने को, ज़हर पिलाऊंगी, इसे भी और तुझे भी. सात महीने तक अपने बच्‍चे का पेट काटकर इसे दूध पिलाया है….’ और झटककर बच्‍चा उसके हाथ में दे दिया और फूट-फूटकर रोने लगी.
मां ने बच्‍चा छाती से लगा लिया. बच्‍चे के मिलते ही वह भी ममता की मारी रोने लगी.
अजीब तमाशा था. दोनों औरतें रोए जा रही थीं. दोनों एक-दूसरी की दुश्‍मन, दोनों एक ही बच्‍चे की माताएं. बेघर लोगों को न हंसने की तमीज होती है, न रोने की. ओर कलह का कारण, दुबला-पतला, पित्त का मारा बच्‍चा, अब भी मुट्ठियां भींचे सो रहा था.
बनजारन गालियां बकती, रोती, बड़बड़ाती गाड़ी में चढ़ गई.
‘तुम्‍हें तुम्‍हारा बच्‍चा मिल गया है. यहां से चली जाओ फौरन…’
हवलदार ने सोए बच्‍चे की पीठ पर छड़ी की नोंक रखते हुए, धमकाकर कहा, ‘फौरन चली जाओ यहां से!’
बच्‍चे को छाती से चिपकाए, मां पीछे हट गई. भीड़ बिखर गई. डिब्‍बे के दरवाजे में खड़ी बनजारन अभी भी चिल्‍लाए जा रही थी, ‘कंजरी, हरामजादी, तूने इसे जनते ही क्‍यों नहीं मार डाला? जब भी मार डालेगी, तभी मेरे दिल को चैन मिलेगा, नासपिट्टी…!’
बच्‍चे ने गोद पहचान रखी थी या तो इस कारण रहा हो या हवलदार की बेंत की नोक लगने के कारण, बच्‍चा जाग गया और अपनी नन्‍हीं-नन्‍हीं मुट्ठियों से पहले तो अपनी नाक पीसने लगा, फिर आंखें, और थोड़ी देर के बाद अपनी मुट्ठी मुंह में ले जाकर चूसने लगा. औरत अभी भी उद्भ्रांत-सी पीछे हट गई और प्लैटफ़ॉर्म की दीवार के साथ जा खड़ी हुई.
बच्‍चा दूध के धोखे में अपनी मुट्ठी चूसता रहा, पर दूध न मिलता देख बिल्‍कुल जग गया और दोनों टांगें जोर-जोर से पटककर रोने लगा. मां ने उसे दाएं कंधे से हटाकर बाएं कंधे के साथ सटा लिया. लेकिन बच्‍चा और भी ज़ोर-ज़ोर से रोने लगा.
मां परेशान हो उठी. कभी बच्‍चे को एक करवट उठाती, कभी दूसरी; कभी दाएं कंधे पर उसका सिर रखती, कभी बाएं पर.
बच्‍चे का रोना सुनकर डिब्‍बे के दरवाज़े में खड़ी बनजारन फिर चिल्‍लाने लगी, ‘मार डाल, तू इसे मार डाल! नासपिट्टी, इसे ज़हर क्‍यों नहीं दे देती! दोपहर से इसके मुंह में दूध की बूंद नहीं गई. बच्‍चा रोएगा नहीं?’
हवलदार छड़ी झुलाता वहां से जा चुका था. दो-एक कुलियों को छोड़कर डिब्‍बे के सामने कोई नहीं था. दूर, पीछे की ओर, नीली वर्दीवाला गार्ड हरी झंडी दिखा रहा था.
गाड़ी ने सीटी दी और चलने को हुई.
बच्‍चा रोए जा रहा था. मां ने अपने फटे हुए कुरते की जेब में से मूंगफली के कुछेक दाने निकाले और बच्‍चे के मुंह में ठूंसने लगी.
‘नासपिट्टी, यह क्‍या उसके मुंह में डाल रही है? मेरे बच्‍चे को मार डालेगी. कसाइन, कंजरी…!’
और घूमकर पहले एक छोटा-सा टीन का बक्‍सा और फिर छोटी-सी गठरी प्लैटफ़ॉर्म पर फेंकी और बड़बड़ाती, गालियां बकती हुई गाड़ी पर से उतर आई, ‘हरामजादी, मेरी गाड़ी छुड़ा दी. मौत खाए तुझे! नासपिट्टी…!’
गाड़ी निकल गई. एक-एक करके कुली स्‍टेशन के बाहर चले गए. प्लैटफ़ॉर्म पर मौन छा गया. हवलदार अपनी गश्‍त पर दूर प्लैटफ़ॉर्म के दूसरे सिरे तक पहुंच चुका था. लेकिन जब छड़ी झुलाता हुआ वह वापस लौटा, तो प्लैटफ़ॉर्म के एक कोने में दीवार के साथ सटकर वही दोनों औरतें बैठी थीं. बनजारन अपनी गोद में बच्‍चे को लिटाए, उसे अपने आंचल से ढके, दूध पिला रही थी और पास बैठी बच्‍चे की मां धीरे-धीरे अपने लाड़ले के बाल सहला रही थी.

Illustration: Pinterest

इन्हें भीपढ़ें

माँ तुम्हारा चूल्हा: अरुण चन्द्र रॉय की कविता

माँ तुम्हारा चूल्हा: अरुण चन्द्र रॉय की कविता

April 3, 2026
kalpana-lajmi_bhupen-hazarika

रूह की रवायत में लिखा इश्क़: कल्पना और भूपेन हजारिका के प्रेम और समर्पण की अनंत कहानी

March 10, 2026
epstein-file

एप्स्टीन फ़ाइल खुलासे के बाद: दुनिया के इन 20 फ़ीसदी लोगों को मेरा सलाम

February 4, 2026
ये कहना कि महात्मा गांधी भारत के विभाजन से सहमत हो गए थे, उनकी यादों के साथ सरासर अन्याय है: लॉर्ड माउंटबेटन

ये कहना कि महात्मा गांधी भारत के विभाजन से सहमत हो गए थे, उनकी यादों के साथ सरासर अन्याय है: लॉर्ड माउंटबेटन

January 30, 2026
Tags: Bhishma SahaniBhishma Sahani ki kahaniBhishma Sahani ki kahani Mata VimataBhishma Sahani storiesFamous writers storyHindi KahaniHindi StoryHindi writersKahaniMata VimataUrdu Writersउर्दू के लेखक भीष्म साहनी की कहानी मरने से पहलेकहानीभीष्म साहनीभीष्म साहनी की कहानियांभीष्म साहनी की कहानीमशहूर लेखकों की कहानीमाता विमाताहिंदी कहानीहिंदी के लेखकहिंदी स्टोरी
टीम अफ़लातून

टीम अफ़लातून

हिंदी में स्तरीय और सामयिक आलेखों को हम आपके लिए संजो रहे हैं, ताकि आप अपनी भाषा में लाइफ़स्टाइल से जुड़ी नई बातों को नए नज़रिए से जान और समझ सकें. इस काम में हमें सहयोग करने के लिए डोनेट करें.

Related Posts

गंगा कभी मैली नहीं होगी, गांधी कभी नहीं मरेंगे
ज़रूर पढ़ें

गंगा कभी मैली नहीं होगी, गांधी कभी नहीं मरेंगे

January 29, 2026
multiple-partners
ज़रूर पढ़ें

69% ने माना रिश्तों में खुलापन हो रहा है स्वीकार्य: आईपीएसओएस-ग्लीन सर्वे

January 22, 2026
stomach-growling
ज़रूर पढ़ें

ठंड के दिनों में पेट के गुड़गुड़ाने की आवाज़ ज़्यादा क्यों आती है?

January 16, 2026
Facebook Twitter Instagram Youtube
ओए अफ़लातून

हर वह शख़्स फिर चाहे वह महिला हो या पुरुष ‘अफ़लातून’ ही है, जो जीवन को अपने शर्तों पर जीने का ख़्वाब देखता है, उसे पूरा करने का जज़्बा रखता है और इसके लिए प्रयास करता है. जीवन की शर्तें आपकी और उन शर्तों पर चलने का हुनर सिखाने वालों की कहानियां ओए अफ़लातून की. जीवन के अलग-अलग पहलुओं पर, लाइफ़स्टाइल पर हमारी स्टोरीज़ आपको नया नज़रिया और उम्मीद तब तक देती रहेंगी, जब तक कि आप अपने जीवन के ‘अफ़लातून’ न बन जाएं.

संपर्क

ईमेल: oye.aflatoon@gmail.com
फ़ोन: +91 9967974469
+91 9967638520

  • About
  • Privacy Policy
  • Terms

© 2022 - 2025 Oyeaflatoon - Managed & Powered by Zwantum

No Result
View All Result
  • सुर्ख़ियों में
    • ख़बरें
    • चेहरे
    • नज़रिया
  • हेल्थ
    • डायट
    • फ़िटनेस
    • मेंटल हेल्थ
  • रिलेशनशिप
    • पैरेंटिंग
    • प्यार-परिवार
    • एक्सपर्ट सलाह
  • बुक क्लब
    • क्लासिक कहानियां
    • नई कहानियां
    • कविताएं
    • समीक्षा
  • लाइफ़स्टाइल
    • करियर-मनी
    • ट्रैवल
    • होम डेकोर-अप्लाएंसेस
    • धर्म
  • ज़ायका
    • रेसिपी
    • फ़ूड प्लस
    • न्यूज़-रिव्यूज़
  • ओए हीरो
    • मुलाक़ात
    • शख़्सियत
    • मेरी डायरी
  • ब्यूटी
    • हेयर-स्किन
    • मेकअप मंत्र
    • ब्यूटी न्यूज़
  • फ़ैशन
    • न्यू ट्रेंड्स
    • स्टाइल टिप्स
    • फ़ैशन न्यूज़
  • ओए एंटरटेन्मेंट
    • न्यूज़
    • रिव्यूज़
    • इंटरव्यूज़
    • फ़ीचर
  • वीडियो-पॉडकास्ट
  • लेखक

© 2022 - 2025 Oyeaflatoon - Managed & Powered by Zwantum