• होम पेज
  • टीम अफ़लातून
No Result
View All Result
डोनेट
ओए अफ़लातून
  • सुर्ख़ियों में
    • ख़बरें
    • चेहरे
    • नज़रिया
  • हेल्थ
    • डायट
    • फ़िटनेस
    • मेंटल हेल्थ
  • रिलेशनशिप
    • पैरेंटिंग
    • प्यार-परिवार
    • एक्सपर्ट सलाह
  • बुक क्लब
    • क्लासिक कहानियां
    • नई कहानियां
    • कविताएं
    • समीक्षा
  • लाइफ़स्टाइल
    • करियर-मनी
    • ट्रैवल
    • होम डेकोर-अप्लाएंसेस
    • धर्म
  • ज़ायका
    • रेसिपी
    • फ़ूड प्लस
    • न्यूज़-रिव्यूज़
  • ओए हीरो
    • मुलाक़ात
    • शख़्सियत
    • मेरी डायरी
  • ब्यूटी
    • हेयर-स्किन
    • मेकअप मंत्र
    • ब्यूटी न्यूज़
  • फ़ैशन
    • न्यू ट्रेंड्स
    • स्टाइल टिप्स
    • फ़ैशन न्यूज़
  • ओए एंटरटेन्मेंट
    • न्यूज़
    • रिव्यूज़
    • इंटरव्यूज़
    • फ़ीचर
  • वीडियो-पॉडकास्ट
  • लेखक
ओए अफ़लातून
Home बुक क्लब क्लासिक कहानियां

नीचे के कपड़े: कहानी एक नंगे सच की (लेखिका: अमृता प्रीतम)

टीम अफ़लातून by टीम अफ़लातून
June 5, 2022
in क्लासिक कहानियां, ज़रूर पढ़ें, बुक क्लब
A A
नीचे के कपड़े: कहानी एक नंगे सच की (लेखिका: अमृता प्रीतम)
Share on FacebookShare on Twitter

एक लड़का अपनी बीमार मां के कहे अनुसार एक पुरानी आल्मारी खोलता है. आल्मारी खोलने के बाद उसके हाथ जो कुछ लगता है, उससे पूरी कहानी सिर के बल खड़ी हो जाती है.
जिसके मन की पीड़ा को लेकर मैंने कहानी लिखी थी ‘नीचे के कपड़े’ उसका नाम भूल गई हूं. कहानी में सही नाम लिखना नहीं था, और उससे एक बार ही मुलाक़ात हुई थी, इसलिए नाम भी याद से उतर गया है…
जब वह मिलने आई थी, बीमार थी. ख़ूबसूरत थी, पर रंग और मन उतरा हुआ था. वह एक ही विश्वास को लेकर आई थी कि मैं उसके हालात पर एक कहानी लिख दूं…
मैंने पूछा-इससे क्या होगा?
कहने लगी-जहां वह चिट्ठियां पड़ी हैं जो मैं अपने हाथों से नहीं फाड़ सकती, उन्हीं चिट्ठियों में वह कहानी रख दूंगी…मुझे लगता है, मैं बहुत दिन ज़िंदा नहीं रहूंगी, और बाद में जब उन चिट्ठियों से कोई कुछ जान पाएगा, तो मुझे वह नहीं समझेगा जो मैं हूं. आप कहानी लिखेंगी तो वहीं रख दूंगी. हो सकता है, उसकी मदद से कोई मुझे समझ ले मेरी पीड़ा को संभाल ले. मुझे और किसी का कुछ फ़िक्र नहीं है, पर मेरा एक बेटा है, अभी वह छोटा है, वह बड़ा होगा तो मैं सोचती हूं कि बस वह मुझे ग़लत न समझे…
उसकी ज़िंदगी के हालात सचमुच बहुत उलझे हुए थे और मेरी पकड़ में नहीं आ रहा था कि मैं उन्हें कैसे समेट पाऊंगी. लिखने का वादा तो नहीं किया पर कहा कि कोशिश करूंगी…
मैं बहुत दिन वह कहानी नहीं लिख पाई. सिर्फ़ एक अहसास सा बना रहा कि उसका बच्चा मेरे जेहन में बड़ा हो रहा है, इतना बड़ा कि अब बहुत सी चीज़ें उसके हाथ लगती हैं, तो वह हैरान उन्हें देखे जा रहा है…
कहानी प्रकाशित हुई और बहुत दिन गुज़र गए. मैं जान नहीं पाई कि उसके हाथों तक पहुंची या नहीं. सब वक़्त के सहारे छोड़ दिया. उसका कोई अता-पता मेरे पास नहीं था…
एक अरसा गुज़र गया था, जब एक दिन फ़ोन आया, दिल्ली से नहीं था, कहीं बाहर से था. आवाज़ थी,‘आपका बहुत शुक्रिया! मैंने कहानी वहीं रख दी है जहां चाहती थी…’
इतने भर लफ़्ज़ों से कुछ पकड़ में नहीं आया था, इसलिए पूछा,‘आप कौन बोल रही हैं? कौन सी कहानी?’
जवाब में बस इतनी आवाज़ थी,‘बहुत दूर से बोल रही हूं, वही जिसकी कहानी आपने लिखी है-नीचे के कपड़े…’ और फ़ोन कट गया…
‘नीचे के कपड़े?’
*****
अचानक मेरे सामने कई लोग आकर खड़े हो गए हैं, जिन्होंने कमर से नीचे कोई कपड़ा नहीं पहना हुआ है.
पता नहीं मैंने कहां पढ़ा था कि खानाबदोश औरतें अपनी कमर से अपनी घघरी कभी नहीं उतारती हैं. मैली घघरी बदलनी हो तो सिर की ओर से नई घघरी पहनकर, अंदर से मैली घघरी उतार देती हैं और जब किसी खानाबदोश औरत की मृत्यु हो जाती है तो उसके शरीर को स्नान कराते समय भी उसकी नीचे की घघरी सलामत रखी जाती है. कहते हैं, उन्होंने अपनी कमर पर पड़ी नेफे की लकीर में अपनी मुहब्बत का राज़ ख़ुदा की मखलूक से छिपाकर रखा होता है. वहां वे अपनी पसंद के मर्द का नाम गुदवाकर रखती हैं, जिसे ख़ुदा की आंख के सिवा कोई नहीं देख सकता.
और शायद यही रिवाज़ मर्दों के तहमदों के बारे में भी होता होगा.
लेकिन ऐसे नाम गोदने वाला ज़रूर एक बार औरतों और मर्दों की कमर की लकीर देखता होगा. उसे शायद एक पल के लिए ख़ुदा की आंख नसीब हो जाती है, क्योंकि वह ख़ुदा की मखलूक की गिनती में नहीं जाता…
लेकिन मेरी आंख को ख़ुदा की आंख वाला शाप क्यों मिल गया? मैं अपने सामने ऐसी औरतें और मर्द क्यों देख रहा हूं, जिन्होंने कमर से नीचे कोई कपड़ा नहीं पहन रखा है, जिन्हें देखना सारी मखलूक के लिए गुनाह है?
कल से मां अस्पताल में है. उसके प्राण उसकी सांसों के साथ डूब और उतरा रहे हैं. ऐसा पहले भी कई बार हुआ है और दो बार पहले भी उसे अस्पताल ले जाया गया था, पर इस बार शायद उसके मन को जीने का विश्वास नहीं बंध रहा है. अचानक उसने उंगली में से हीरे वाली अंगूठी उतारी और मुझे देकर कहा कि मैं घर जाकर उसकी लोहे वाली अलमारी के खाने में रख दूं. अस्पताल में अभी दादी भी आई थी, पापा भी, मेरा बड़ा भाई भी, लेकिन मां ने न जाने क्यों, यह काम उन्हें नहीं सौंपा. हम सब लौटने लगे थे, जब मां ने इशारे से मुझे ठहरने के लिए कहा. सब चले गए तो उसने तकिए के नीचे से एक मुसा हुआ रुमाल निकाला, जिसके कोने से दो चाबियां बंधी हुई थीं. रुमाल की कसी हुई गांठ खोलने की उसमें शक्ति नहीं थी, इसलिए मैंने वह गांठ खोली. तब एक चाभी की ओर इशारा करके उसने मुझे यह काम सौंपा कि मैं उसकी हीरे की अंगूठी अलमारी के अंदर खाने में रख दूं. यह भी बताया कि अंदर वाले की चाभी मुझे उसी अलमारी के एक डिब्बे में पड़ी हुई मिल जाएगी.
और फिर मां ने धीरे से यह भी कहा कि मैं बम्बई वाले चाचाजी को एक ख़त डाल दूं, दिल्ली आने के लिए. और दूसरी चाभी उसने उसी तरह रुमाल में लपेटकर अपने तकिए के नीचे रख ली. और जिस तरह तकदीरें बदल जाती हैं उसी तरह चाभियां भी बदल गई… घर में रोज़ के इस्तेमाल की मां की एक ही अलमारी है, लेकिन फालतू सामान वाली कोठरी में लोहे की एक और भी अलमारी है, जिसमें फटे-पुराने कपड़े पड़े रहते हैं. पापा के ट्रांस्फ़र के समय वह अलमारी लगभग टूट ही गई थी, पर मां ने उसे फेंका नहीं था और साकड़-भाकड़ वाली उस अलमारी को फालतू कपड़ों के लिए रख लिया था.
घर पहुंचकर जब मैं मां की अलमारी खोलने लगा, तो वह खुलती ही न थी. चाभी मेरी तक़दीर की तरह बदली हुई थी. हाथ में थामी हुई हीरे की अंगूठी को कहीं संभालकर रखना था, इसलिए मैंने सामान वाली कोठरी की अलमारी खोल ली. यह चाभी उस अलमारी की थी. इस अलमारी में भी अंदर का खाना था. मैंने सोचा, उसकी चाभी भी ज़रूर इसी अलमारी के किसी डिब्बे में ही मिलनी थी…
और मैं फटे-पुराने कपड़ों की तहें खोलने लगा…
पुराने, उधड़े हुए सलमे के कुछ कपड़े थे, जो मां ने शायद उनका सुच्चा सलमा बेचने के लिए रखे हुए थे और पापा के गर्म कोट भी थे, जो शायद बर्तनों से बदलने के लिए मां ने संभालकर रखे हुए थे. मैंने एक बार गली में बर्तन बेचने वाली औरतों से मां को एक पुराने कोट के बदले में बर्तन खरीदते हुए देखा था.
पर मैं हैरान हुआ-मां ने वे सब टूटे हुए खिलौने भी रखे थे, जिनसे मैं छुटपन में खेला करती थी. देखकर एक दहशत सी आई-चाभी से चलने वाली रेलगाड़ी इस तरह उलटी हुई थी, जैसे पटरी से गिर गई हो और उस भयानक दुर्घटना से उसके सभी मुसाफ़िर घायल हो गए हों-प्लास्टिक की गुड़िया, जो एक आंख से कानी हो गई थी, रबड़ का हाथी, जिसकी सूंड बीच में से टूट गई थी, मिट्टी का घोड़ा, जिसकी अगली दोनों टांगें जैसे कट गई हों और कुछ खिलौनों की सिर्फ़ टांगें और बाहें बिखरी पड़ी थीं-जैसे उनके धड़ और सिर उड़कर कहीं दूर जा पड़े हों-और अब उन्हें पहचाना भी नहीं जा सकता था…
मेरे शरीर में एक कंपन सी दौड़ गई-देखा कि इन घायल खिलौनों के पास ही मिट्टी की बनी शिवजी की मूर्ति थी, जो दोनों बाहों से लुंजी हो गई थी और ख़्याल आया-जैसे देवता भी अपाहिज होकर बैठा हुआ है.
जहां तक याद आया, लगा कि मेरा बचपन बहुत ख़ुशी में बीता था. बड़े भाई के जन्म के सात बरस बाद मेरा जन्म हुआ था, इसलिए मेरे बहुत लाड़ हुए थे. तब तक वैसे भी पापा की तरक़्क़ी हो चुकी थी, इसलिए मेरे वास्ते बहुत सारे कपड़े और बहुत सारे खिलौने ख़रीदे जाते थे…लेकिन पूरी यादों के लिए इन टूटे हुए खिलौनों की मां को क्या ज़रूरत थी, समझ में नहीं आया…
सिर्फ़ खिलौने ही नहीं, मेरे फटे हुए कपड़े भी तहों में लगे हुए थे-टूटे हुए बटनों वाले छोटे-छोटे कुरते, टूटी हुई तनियों वाले झबले और फटी हुई जुराबें भी…
और फिर मुझे एक रुमाल में बंधी हुई वह चाभी मिल गई, जिसे मैं ढूंढ़ रहा था. अलमारी का अंदर वाला खाना खोला, ताकि हीरे की अंगूठी उसमें रख दूं.
यही वह घड़ी थी जब मैंने देखा कि उस खाने में सिर्फ़ नीचे पहनने वाले कपड़े पड़े हुए थे.
और अचानक मेरे सामने वे लोग आकर खड़े हो गए हैं जिनके सिर भी ढंके हुए हैं, बांहें भी, ऊपर के शरीर भी-लेकिन कमर से नीचे कोई कपड़ा नहीं है…
प्रलय का समय शायद ऐसा ही होता होगा, मालूम नहीं. मेरे सामने मेरी मां खड़ी हुई है, पापा भी, बम्बई वाले चाचा भी और कोई एक मिसेज़ चोपड़ा भी और एक कोई मिस नंदा भी-जिन्हें मैं जानता नहीं.
और खोए हुए से होश से मैंने देखा कि उनके बीच में कहीं भी मैं भी गुच्छा सा बनकर बैठा हुआ हूं…
न जाने यह कौन सा युग है, शायद कोई बहुत ही पुरानी सदी, जब लोग पेड़ों के पत्तों में अपने को लपेटा करते थे..और फिर पेड़ों के पत्ते काग़ज़ जैसे कब हो गए, नहीं जानता…
अलमारी के खाने में सिर्फ़ काग़ज़ पड़े हुए हैं, बहुत से काग़ज़ जिन पर हरएक के तन की व्यथा लिखी हुई है-तन के ताप जैसी, तन के पसीने जैसी, तन की गंध जैसी…
ये सब ख़त हैं, बम्बई वाले चाचाजी के और सब मेरी मां के नाम हैं…
तरह-तरह की गंध मेरे सिर को चढ़ रही है..
किसी ख़त से खुशी और उदासी की मिली-जुली गंध उठ रही है. लिखा है,‘वीनू! जो आदम और हव्वा ख़ुदा के बहिश्त से निकाले गए थे-वह आदम मैं था और हव्वा तुम थीं…’
किसी ख़त से विश्वास की गंध उठ रही है,‘वीनू! मैं समझता हूं कि पत्नी के तौर पर तुम अपने पति को इंकार नहीं कर सकती, लेकिन तुम्हारा जिस्म मेरी नज़र में गंगा की तरह पवित्र है और मैं शिवजी की गंगा को जटा में धारण कर सकता हूं…’
किसी ख़त से निराशा की गंध उठ रही है,‘मैं कैसा राम हूं, जो अपनी सीता को रावण से नहीं छुड़ा सकता…न जाने क्यों, ईश्वर ने इस जनम में राम और रावण को सगे भाई बना दिया!’
किसी ख़त से दिलजोई की गंध उठ रही है,‘वीनू! तुम मन में गुनाह का अहसास न किया करो. गुनाह तो उसने किया था, जिसने मिसेज़ चोपड़ा जैसी औरत के लिए तुम्हारे जैसी पत्नी को बिसार दिया था…’
और अचानक एक हैरानी की गंध मेरे सिर को चढ़ी, जब एक ख़त पढ़ा,‘तुम मुझसे ख़ुशनसीब हो वीनू! तुम अपने बेटे को बेटा कह सकती हो, लेकिन मैं अपने बेटे को कभी भी अपना बेटा नहीं कह सकूंगा.’
और अधिक हैरानी की गंध से मेरे सिर में एक दरार पड़ गई, जब एक दूसरे ख़त में मैंने अपना नाम पढ़ा. लिखा था,‘मेरी जान वीनू! अब तुम उदास न हुआ करो. मैं नन्हें से अक्षय की सूरत में हर वक़्त तुम्हारे पास रहता हूं. दिन में मैं तुम्हारी गोद में खेलता हूं और रात को तुम्हारे पास सोता हूं…’
सो मैं…मैं…
ज़िंदगी के उन्नीस बरस मैं जिसे पापा कहता रहा था, अचानक उस आदमी के वास्ते यह लफ़्ज़ मेरे होंठों पर झूठा पड़ गया है…
बाकी ख़त मैंने पूरे होश में नहीं पढ़े, लेकिन इतना जाना है कि जन्म से लेकर मैंने जो भी कपड़ा शरीर पर पहना है, वह मां ने कभी भी अपने पति की कमाई से नहीं ख़रीदा था. मिट्टी का खिलौना तक भी नहीं. मेरे स्कूल की और कॉलेज की फ़ीसें भी वह घर के ख़र्च में से नहीं देती थी…
यह भी जाना है कि बम्बई में अकेले रहने वाले आदमी से कुछ ऐसी बातें भी हुई थीं, जिनके लिए कई ख़तों में माफ़ियां मांगी गई हैं, और उस सिलसिले में कई बार किसी मिस नंदा का नाम लिखा गया है, जो ख़त लिखने वाले की नज़रों में एक आवारा लड़की थी, जिसने मेनका की तरह एक ॠषि की तपस्या भंग कर दी थी…और कई ख़तों में मां की झिड़कियां सी दी गई हैं कि ये सिर्फ़ उसके मन के वहम हैं, जिनके कारण वह बीमार रहने लगी है…
यह मां, पापा, चाचा, मिसेज़ चोपड़ा, मिस नंदा-कोई भी खानाबदोशों के काफ़िलों में से नहीं है-पर खानाबदोशों की परंपरा शायद सारी मनुष्य जाति पर लागू होती है, सबकी घघरियों और सबके तहमदों पर, जहां उनके शरीर पर पड़ी उनके नेफे की लकीर पर लिखा हुआ नाम ईश्वर की आंख के सिवा किसी को नहीं देखना चाहिए…और पता नहीं लगता कि आज मेरी आंख को ईश्वर की आंख वाला शाप क्यों लग गया है..
सिर्फ़ यह जानता हूं कि ईश्वर की आंख ईश्वर के चेहरे पर हो तो वरदान है, लेकिन इंसान के चेहरे पर लग जाए तो शाप हो जाती है…

Illustration: Pinterest

इन्हें भीपढ़ें

माँ तुम्हारा चूल्हा: अरुण चन्द्र रॉय की कविता

माँ तुम्हारा चूल्हा: अरुण चन्द्र रॉय की कविता

April 3, 2026
kalpana-lajmi_bhupen-hazarika

रूह की रवायत में लिखा इश्क़: कल्पना और भूपेन हजारिका के प्रेम और समर्पण की अनंत कहानी

March 10, 2026
epstein-file

एप्स्टीन फ़ाइल खुलासे के बाद: दुनिया के इन 20 फ़ीसदी लोगों को मेरा सलाम

February 4, 2026
ये कहना कि महात्मा गांधी भारत के विभाजन से सहमत हो गए थे, उनकी यादों के साथ सरासर अन्याय है: लॉर्ड माउंटबेटन

ये कहना कि महात्मा गांधी भारत के विभाजन से सहमत हो गए थे, उनकी यादों के साथ सरासर अन्याय है: लॉर्ड माउंटबेटन

January 30, 2026
Tags: Amrita PreetamAmrita Preetam ki kahaniAmrita Preetam ki kahani Neeche ke kapdeAmrita Preetam StoriesFamous writers’ storyHindi KahaniHindi StoryHindi writersKahaniNeeche ke kapdeUrdu Writersअमृता प्रीतमअमृता प्रीतम की कहानियांअमृता प्रीतम की कहानीउर्दू के लेखक अमृता प्रीतम की कहानी जंगली बूटीकहानीनीचे के कपड़ेमशहूर लेखकों की कहानीहिंदी कहानीहिंदी के लेखकहिंदी स्टोरी
टीम अफ़लातून

टीम अफ़लातून

हिंदी में स्तरीय और सामयिक आलेखों को हम आपके लिए संजो रहे हैं, ताकि आप अपनी भाषा में लाइफ़स्टाइल से जुड़ी नई बातों को नए नज़रिए से जान और समझ सकें. इस काम में हमें सहयोग करने के लिए डोनेट करें.

Related Posts

गंगा कभी मैली नहीं होगी, गांधी कभी नहीं मरेंगे
ज़रूर पढ़ें

गंगा कभी मैली नहीं होगी, गांधी कभी नहीं मरेंगे

January 29, 2026
multiple-partners
ज़रूर पढ़ें

69% ने माना रिश्तों में खुलापन हो रहा है स्वीकार्य: आईपीएसओएस-ग्लीन सर्वे

January 22, 2026
stomach-growling
ज़रूर पढ़ें

ठंड के दिनों में पेट के गुड़गुड़ाने की आवाज़ ज़्यादा क्यों आती है?

January 16, 2026
Facebook Twitter Instagram Youtube
ओए अफ़लातून

हर वह शख़्स फिर चाहे वह महिला हो या पुरुष ‘अफ़लातून’ ही है, जो जीवन को अपने शर्तों पर जीने का ख़्वाब देखता है, उसे पूरा करने का जज़्बा रखता है और इसके लिए प्रयास करता है. जीवन की शर्तें आपकी और उन शर्तों पर चलने का हुनर सिखाने वालों की कहानियां ओए अफ़लातून की. जीवन के अलग-अलग पहलुओं पर, लाइफ़स्टाइल पर हमारी स्टोरीज़ आपको नया नज़रिया और उम्मीद तब तक देती रहेंगी, जब तक कि आप अपने जीवन के ‘अफ़लातून’ न बन जाएं.

संपर्क

ईमेल: oye.aflatoon@gmail.com
फ़ोन: +91 9967974469
+91 9967638520

  • About
  • Privacy Policy
  • Terms

© 2022 - 2025 Oyeaflatoon - Managed & Powered by Zwantum

No Result
View All Result
  • सुर्ख़ियों में
    • ख़बरें
    • चेहरे
    • नज़रिया
  • हेल्थ
    • डायट
    • फ़िटनेस
    • मेंटल हेल्थ
  • रिलेशनशिप
    • पैरेंटिंग
    • प्यार-परिवार
    • एक्सपर्ट सलाह
  • बुक क्लब
    • क्लासिक कहानियां
    • नई कहानियां
    • कविताएं
    • समीक्षा
  • लाइफ़स्टाइल
    • करियर-मनी
    • ट्रैवल
    • होम डेकोर-अप्लाएंसेस
    • धर्म
  • ज़ायका
    • रेसिपी
    • फ़ूड प्लस
    • न्यूज़-रिव्यूज़
  • ओए हीरो
    • मुलाक़ात
    • शख़्सियत
    • मेरी डायरी
  • ब्यूटी
    • हेयर-स्किन
    • मेकअप मंत्र
    • ब्यूटी न्यूज़
  • फ़ैशन
    • न्यू ट्रेंड्स
    • स्टाइल टिप्स
    • फ़ैशन न्यूज़
  • ओए एंटरटेन्मेंट
    • न्यूज़
    • रिव्यूज़
    • इंटरव्यूज़
    • फ़ीचर
  • वीडियो-पॉडकास्ट
  • लेखक

© 2022 - 2025 Oyeaflatoon - Managed & Powered by Zwantum